home page

चकबंदी की समस्या दूर होने पर किसानों ने पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत काे पहनाई पगड़ी

 | 
चकबंदी की समस्या दूर होने पर किसानों ने पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत काे पहनाई पगड़ी


औरैया, 25 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में चकबंदी की समस्या से जूझ रहे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। इस पर कंचौसी, बिहारीपुर और शाहपुर गांव के किसानों ने पूर्व कृषि राज्य मंत्री एवं दिबियापुर के पूर्व भाजपा विधायक लाखन सिंह राजपूत काे स्मृति चिह्न भेंट कर पगड़ी पहनाई और समस्या के समाधान के लिए किए गए प्रयासों पर आभार जताया।

किसानों की चकबंदी संबंधी समस्या को लेकर पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने करीब दो सप्ताह पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर मामला उठाया था। उन्होंने मुख्यमंत्री को किसानों की परेशानी से अवगत कराया था। पूर्व मंत्री के अनुसार मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव को वर्ष 1989 की पुरानी चकबंदी प्रक्रिया बरकरार रखने के निर्देश दिए हैं। इससे लंबे समय से चकबंदी की समस्या से परेशान किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।

रविवार काे हुए इस कार्यक्रम में भाजपा नेता एवं दिबियापुर जिला सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष संतोष शुक्ला, बब्बू तिवारी, बब्बन ठाकुर, उदय दीक्षित, संतोष चौबे, कप्तान सिंह, बाबू तिवारी, लल्ला तिवारी, राजू यादव, रामजी बाथम, रामबाबू शर्मा, कुंबले और दिलीप त्रिवेदी सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता बीनू शुक्ला ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार