हाथरस में यूरिया किल्लत से परेशान किसान विधायक से मिले
हाथरस, 03 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में इन दिनों किसानों को यूरिया खाद की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। मक्का और बाजरा जैसी खरीफ फसलों के लिए इस समय यूरिया की सबसे अधिक आवश्यकता होती है, लेकिन बाजार में खाद की कमी ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अधिकांश प्राइवेट दुकानों पर यूरिया उपलब्ध नहीं है, जिससे किसान खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं।
वहीं सहकारी समितियों पर भी पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं पहुंच पा रही है। नतीजतन सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं और किसानों को कई-कई दिन तक चक्कर काटने पड़ रहे हैं। खाद की कमी का सीधा असर फसलों की बढ़वार पर पड़ सकता है। किसानों का कहना है कि समय पर यूरिया नहीं मिलने से उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसी समस्या को लेकर बड़ी संख्या में किसान रविवार को मथुरा रोड स्थित विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू चौधरी के कार्यालय पहुंचे। किसानों ने उन्हें यूरिया की किल्लत से अवगत कराते हुए बिजली कटौती और नहर-रजवाहों में पानी न आने की समस्या भी बताई। किसानों का कहना है कि सिंचाई व्यवस्था बाधित होने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू भैय्या ने किसानों की समस्या सुनी। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। यूरिया की आपूर्ति बढ़ाने के लिए संबंधित अधिकारियों से बात की गई है और जल्द ही पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाएगी। बिजली कटौती और नहरों में पानी की समस्या को भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। अगर कहीं लापरवाही पाई गई तो सख्त कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान रामवतार सिंह, अनिल चौधरी रामप्रकाश, मोर सिंह, शेर सिंह, श्याम, सुंदर, गंभीर सिंह सहित कई किसान मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

