सीएसए में किसानों को खेती के दिए गए वैज्ञानिक टिप्स
कानपुर, 07 मार्च (हि.स.)। चन्द्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय (सीएसए) में शनिवार को आयोजित चन्द्रशेखर कृषक समिति की बैठक में वैज्ञानिकों ने किसानों को बेहतर उत्पादन के लिए अनेक प्रकार के खेती से संबधित टिप्स दिये। वैज्ञानिकों का फोकस नई तकनीकों एवं उच्च गुणवत्ता युक्त बीजों के साथ उन विषयों पर रहा जिनसे किसान भाई कम लागत पर अच्छी पैदावार कर लाभ हासिल कर सकें।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के प्रसार निदेशालय के लाल बहादुर शास्त्री सभागार में यह बैठक संपन्न हुई। बैठक निदेशक प्रसार डॉ.वी के त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए बताया कि अधिकतम पैदावार एवं आय प्राप्त करने हेतु कृषि विविधीकरण अपनाना आवश्यक है। इस अवसर पर उपस्थित निदेशक शोध डॉ. महक सिंह ने सूरजमुखी की वैज्ञानिक खेती के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सूरजमुखी की बेहतर पैदावार हेतु वैज्ञानिक पद्धतियों को किसान भाई अवश्य अपनाएं।
विभागाध्यक्ष मृदा विज्ञान डॉ. सर्वेश कुमार ने मृदा स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त की।उन्होंने ढैचा खाद को उगाकर खेत में मिलाने पर बल दिया। विभाग अध्यक्ष पशुपालन डॉ. रामजी गुप्ता ने कृषकों को दुग्ध एवं उसके प्रसंस्करण की जानकारी दी और उन्होंने सहकारी समितियों पर बल दिया।
मसाला वैज्ञानिक डॉ. संजीव सचान ने कृषकों को लहसुन, प्याज,अदरक, मिर्च आदि की वैज्ञानिक खेती के बारे में जानकारी दी। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. खलील खान ने बताया कि आज की कृषक समिति की बैठक में किसानों को जायद की फसलें जैसे उर्द, मूंग, मक्का आदि की खेती की बारीकियां बताई गईं। अतिथियों का स्वागत चंद्रशेखर कृषक समिति के अध्यक्ष बाबू सिंह एवं जगदीश सिंह ने किया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. जितेंद्र सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रगतिशील कृषक कमल किशोर, राजेश त्रिपाठी सहित कई किसान उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय सिंह

