चलती ट्रेन से उतरने के दौरान किसान की मौत
कानपुर, 01 मई (हि.स.)। बिल्हौर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिल्हौर रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में एक किसान की जान चली गई, हादसे के बाद घायल को अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक शादी समारोह से लौट रहे थे।
ककवन थाना क्षेत्र के घंसी निवादा गांव निवासी बावन वर्षीय मेघनाथ सिसोदिया खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक विवाहित बेटी हैं। वह शिवराजपुर क्षेत्र में एक रिश्तेदार के यहां विवाह कार्यक्रम में शामिल होने गए थे और वहीं से लौट रहे थे।
वापसी के दौरान जैसे ही ट्रेन बिल्हौर रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, उन्होंने चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास किया। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिरकर ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों ने तत्काल उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्हौर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया । अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
बिल्हौर थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

