home page

ट्रेन की चपेट में आने से किसान की मौत

 | 
ट्रेन की चपेट में आने से किसान की मौत


औरैया, 28 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर शनिवार दोपहर एक किसान की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद रेल ट्रैक पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए रेल यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना पाता चौकी क्षेत्र के धारा का पूर्वा गांव के सामने डाउन लाइन पर खंभा संख्या 1111/26 के पास करीब तीन बजे अपराह्न हुई। बताया जा रहा है कि किसान अशोक कुमार (45 वर्ष) पुत्र नाथूराम निवासी दशहरा, अचानक वैष्णो देवी कटरा - सूबेदारगंज एक्सप्रेस की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक पर शव पड़े होने के कारण पीछे से आ रही सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पाता चौकी इंचार्ज विक्रम सिंह और मनोज कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की।

मौके पर पहुंचे मृतक के भाई शिव कुमार ने शव की पहचान अशोक कुमार के रूप में की। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक अशोक कुमार अपने पीछे पत्नी सरोजनी देवी और तीन बच्चों रवि, संजय और अंशु को छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि वह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार