मुरादाबाद-अलीगढ़ हाईवे पर सड़क हादसे में किसान की मौत
मुरादाबाद, 05 अप्रैल हि.स.)। मुरादाबाद जिले के थाना कुंदरकी क्षेत्र में रविवार को मुरादाबाद-अलीगढ़ हाईवे पर सड़क हादसे में किसान की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था, देर रात गमगीन माहौल में मृतक किसान को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
कुंदरकी के थाना क्षेत्र के गांव काजीपुरा निवासी अनीस (45 वर्ष) पुत्र मुस्तकीम खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे, रविवार शाम 7 बजे के लगभग वह अपनी खीरे की फसल बेचने के लिए मुरादाबाद मंडी जा रहे थे। बताया है कि अनीस मिनी ऑटो में सवार होकर अपनी फसल लेकर निकले थे। गांव डोमघर के पास तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने मिनी ऑटो के गेट के पास बैठे किसान अनीस को चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। शव के गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रविवार देर रात गमगीन माहौल में मृतक किसान को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

