home page

रोटावेटर की चपेट में आने से किसान की मौत

 | 
रोटावेटर की चपेट में आने से किसान की मौत


कानपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में साढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़री लालपुर गांव में बुधवार को खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर से गिरकर एक किसान की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।

पड़री लालपुर निवासी अनिल कुमार साहू (55) खेती-किसानी करते थे। उन्होंने बलकट पर खेत ले रखा था। आज वह गांव निवासी सुरेंद्र कुशवाहा के साथ ट्रैक्टर से खेत की जुताई कराने गए थे। गोविंद सिंह के खेत में जुताई के लिए ट्रैक्टर में रोटावेटर लगाया गया था। सुरेंद्र ट्रैक्टर चला रहा था और अनिल चालक के बगल वाली सीट पर बैठे थे।

जुताई के दौरान अचानक अनिल का पैर फिसला और वह ट्रैक्टर से नीचे गिर गए। ट्रैक्टर आगे बढ़ने से पीछे लगा रोटावेटर की चपेट में आने अनिल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सुरेंद्र ट्रैक्टर को घर के पास खड़ा कर ग्रामीणों को सूचना देने के बाद वहां से चला गया।

जानकारी मिलने पर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अनिल के परिजनों को सूचना दी। पत्नी सन्नो और बच्चे विपिन, ऋषि, गोल्डी व रोली का रो-रोकर हाल बेहाल है। परिजन काफी देर तक अनिल के मोबाइल फोन की तलाश करते रहे। खेत में एक जगह से मोबाइल की घंटी सुनाई देने पर उन्होंने मिट्टी हटाई तो फोन दबा मिला।

घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर घटना की जांच की जा रही है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप