home page

आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत, एक साथी गंभीर रूप से झुलसा

 | 
आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत, एक साथी गंभीर रूप से झुलसा


उरई, 11 जून (हि.स.)। कोटरा क्षेत्र के मौजा हिलगना में गुरुवार की शाम को आई आंधी और बारिश में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के दौरान बिजली गिरने से एक भैंस और पांच बकरियों की भी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, किसान गोविंद यादव (50), निवासी छोटी माता, अपने साथी शानू पठान (35), निवासी मंडी बाजार के साथ खेतों में भैंस और बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान शाम को अचानक मौसम बदल गया और जोरदार बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच ही आकाशीय बिजली गिरने से दोनों बुरी तरह झुलस गए। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग तुरंत खेत की ओर दौड़े। परिजनों ने गंभीर रूप से घायल दोनों को तुरंत जिला अस्पताल उरई पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही गोविंद यादव ने दम तोड़ दिया। शानू पठान का इलाज जारी है, उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम ज्योति सिंह मौके पर पहुंची और राजस्व टीम को निर्देश दिए। वहीं, इस दर्दनाक घटना में शानू पठान की एक भैंस और पांच बकरियों की भी मौत हो गई। स्थानीय प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। वहीं, घायल शानू पठान के इलाज का खर्च भी सरकार वहन करेगी। एसडीएम ने बताया कि मुआवजे की प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा