लखनऊ में होगा फार्मा विजन का राष्ट्रीय अधिवेशन, फार्मेसी से जुड़े देश भर के प्रतिनिधि होंगे शामिल
लखनऊ, 25 सितंबर (हि.स.)। फार्माविजन का 13वां राष्ट्रीय अधिवेशन डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय लखनऊ में 26 व 27 सितंबर को आयोजित किया जा रहा है। इस दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से फार्मेसी एवं संबंधित क्षेत्र से जुड़े विभिन्न प्रांतों से 779 प्रतिभागी शामिल होंगे, जिनमें 465 छात्र एवं 311 छात्राएँ शामिल हैं। नेपाल से भी प्रतिनिधिमंडल इस अधिवेशन में सहभागिता करेगा।
यह जानकारी फार्माविजन के राष्ट्रीय संयोजक अपूर्व नन्दी ने शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) अवध प्रांत कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। प्रेस वार्ता में आगामी राष्ट्रीय अधिवेशन के उद्देश्य, प्रमुख विषयों, कार्यक्रम एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी साझा की गई।
अपूर्व नंदी ने कहा कि फार्माविजन फार्मेसी विद्यार्थियों का एक अखिल भारतीय मंच है जिसकी शुरुआत विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों से आगे सोचने, सक्रिय एवं जागरूक बनाने तथा फार्मेसी शिक्षा, अनुसंधान और भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने में सामूहिक रूप से योगदान देने के उद्देश्य से की गई थी। राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि अधिवेशन का प्रमुख उद्देश्य फार्मेसी शिक्षा, विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक आवश्यकताओं तथा फार्मेसी क्षेत्र से जुड़े समसामयिक विषयों पर सार्थक संवाद को बढ़ावा देना है। अधिवेशन के माध्यम से विद्यार्थियों , शोध छात्र एवं विशेषज्ञों को विचार-विमर्श और अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान क्विज प्रतियोगिता, मॉडल प्रस्तुतिकरण ,पोस्टर प्रस्तुतीकरण, फार्माप्रेन्योर , फार्माथान, युवा संसद( यूथ पार्लियामेंट), काउंसलर आयोजित किए जाएंगे। इसमें फार्मेसी शिक्षा, विद्यार्थियों से जुड़े विषयों तथा क्षेत्र की वर्तमान चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा प्रस्तावित है।
इस अवसर पर अभाविप के प्रांत मंत्री अर्पण कुशवाहा ने कहा कि फार्माविजन का 13वाँ राष्ट्रीय अधिवेशन इस वर्ष अवध प्रांत के उत्तर प्रदेश राजधानी लखनऊ में आयोजित होने जा रहा है। यह हमारे लिए गौरव का विषय है कि देशभर से फार्मेसी क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थी, शिक्षक, विशेषज्ञ और प्रतिनिधि इस राष्ट्रीय अधिवेशन में सहभागिता करने के लिए लखनऊ आ रहे हैं। 26 और 27 सितंबर को आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय अधिवेशन में देश के विभिन्न प्रांतों से आने वाले प्रतिभागियों का हम स्वागत करते है।
प्रेस वार्ता में फार्माविजन के राष्ट्रीय सहसंयोजिका श्रेया, संयोजक प्रियांशु पाठक और अवध प्रांत संयोजक आकाश माथुर एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

