home page

पारिवारिक कलह से तंग युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान

 | 
पारिवारिक कलह से तंग युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान


फर्रुखाबाद, 09 अप्रैल (हि.स.)। कायमगंज नगर के रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को पारिवारिक कलह से परेशान एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान अताईपुर निवासी 35 वर्षीय सोहेल पुत्र अजीम के रूप में हुई है। प्रारम्भिक जांच में घटना के पीछे घरेलू विवाद को कारण माना जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोहेल आजरेलवे स्टेशन पहुँचा था। इसी दौरान कासगंज-कानपुर एक्सप्रेस जैसे ही प्लेटफॉर्म पर पहुँची, उसने अचानक पटरी पर छलांग लगा दी। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था। मौके पर मौजूद जीआरपी और आरपीएफ टीम ने तुरंत घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों की भीड़ लग गई। मृतक की पत्नी असमा के पहुँचते ही माहौल गरमा गया। सोहेल के भाइयों—आमिर, खुशहाल, सैफी और यूसुफ ने उस पर आरोप लगाते हुए विरोध जताया। स्थिति को बिगड़ता देख मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। परिजनों के अनुसार, सोहेल जयपुर में दर्जी का काम करता था और ईद की छुट्टी पर घर आया हुआ था। बताया गया कि वह पिछले कुछ दिनों से ससुराल में रह रहा था। पत्नी असमा उसके साथ जयपुर जाने की जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। हालांकि, पत्नी असमा ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उनके बीच कोई विवाद नहीं था।

जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जीआरपी के दरोगा विनोदकुमार का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और सच्चाई सामने लाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar