इंसाफ की मांग को लेकर सड़क पर उतरा परिवार, पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप
जौनपुर,15 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में एक मई को सरायख्वजा थाना अंतर्गत खुटहन में बारात जाते समय दूल्हे आजाद बिंद की हत्या मामले को लेकर पीड़ित परिवार का आक्रोश शुक्रवार को सड़क पर फूट पड़ा। न्याय की मांग को लेकर परिवार के लोगों ने सिद्दीकपुर से जिला मुख्यालय तक पैदल मार्च निकाला और पुलिस प्रशासन पर मुख्य आरोपियों को बचाने का गंभीर आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान मृतक की बहन सौम्या ने पुलिस और स्थानीय प्रभावशाली लोगों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
धरने के दौरान सौम्या ने आरोप लगाया कि उनके आंदोलन को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय आते समय उनके वाहन चालक को कथित रूप से धमकाया गया, जिससे वह डरकर वाहन बीच रास्ते में छोड़कर चला गया। इसके बाद परिवार को पैदल मार्च करने के लिए मजबूर होना पड़ा।सौम्या ने आरोप लगाया कि पुलिस केवल छोटे और कमजोर लोगों पर कार्रवाई कर रही है, जबकि हत्या के मुख्य आरोपित अब भी खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि तीन वर्ष पहले हुए हमले के मामले में पुलिस ने सख्त कदम उठाया होता, तो आज उनके भाई की जान नहीं जाती।प्रदर्शन के दौरान उन्होंने जातीय राजनीति पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि कुछ लोग केवल अपनी बिरादरी के आरोपियों को बचाने में लगे हैं, जबकि अपराधी की कोई जाति नहीं होती। उन्होंने प्रशासन पर दबाव में काम करने और प्रभावशाली लोगों के इशारे पर कार्रवाई करने का भी आरोप लगाया।परिवार ने प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ होने वाली बुलडोजर कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि आखिर उनके भाई के हत्यारों के खिलाफ अब तक कठोर कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए।पीड़ित परिवार ने चेतावनी दी है कि जब तक जिलाधिकारी मौके पर आकर उनकी बात नहीं सुनते और मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा नहीं दिलाते, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर देवेश कुमार सिंह ने पीड़ित परिवार को ढांढस बधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया बावजूद इसके परिवार धरने पर बैठे हुए हैं। अब देखना ये कि पीड़ित परिवार को न्याय कब तक मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

