home page

बिहार का परिवार अपने पुत्र की खोज में पहुंचा वृंदावन, साध्वी को मिली धमकी

 | 
बिहार का परिवार अपने पुत्र की खोज में पहुंचा वृंदावन, साध्वी को मिली धमकी


संत प्रेमानंद आश्रम के बाहर लापता बेटों की तलाश में जुटे परिवार

मथुरा, 06 अक्टूबर (हि.स.)। संत प्रेमानंद महाराज के वृंदावन नगर स्थित श्रीराधा केलिकुंज आश्रम पर अपने लापता बच्चों की तलाश में परिजनों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। साधक रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की आत्महत्या के बाद हाथरस, कासगंज और मेरठ के परिवारों के अलावा मंगलवार बिहार के गोपालगंज से भी एक परिवार अपने बेटे की खोज में वृंदावन पहुंचा है।

सोमवार और मंगलवार को मेरठ के परतापुर निवासी नेत्रपाल अपने 20 वर्षीय पुत्र प्रिंस की फोटो लेकर आश्रम के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे। विरोध की स्थिति को देखते हुए पुलिस उन्हें रमणरेती पुलिस चौकी ले गई और बेटे की शीघ्र तलाश का आश्वासन दिया। इसी दौरान बिहार के गोपालगंज (थाना भोर, कल्याणपुर कुंभी टोला) निवासी विनोद यादव भी अपने परिवार के साथ 18 वर्षीय बेटे अभिनंदन यादव की तलाश में आश्रम पहुंचे। विनोद यादव के अनुसार, वे 25 जुलाई को परिवार संग वृंदावन दर्शन और संत प्रेमानंद के दर्शन करने आए थे, जिसके बाद से उनका बेटा लापता है। वृंदावन कोतवाली पुलिस ने अभिनंदन यादव की गुमशुदगी के पोस्टर जारी कर तलाश शुरू कर दी है। दूसरी ओर, साध्वी इंदुलेखा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि 3 अक्टूबर को आश्रम के बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान अज्ञात लोगों ने उनके साथ अभद्रता की और लॉरेंस बिश्नोई के नाम से जान से मारने की धमकी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार