युवक की इलाज के दाैरान माैत, परिजनों ने पीट कर हत्या करने का लगाया आरोप
देवरिया, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में घायल युवक की मंगलवार को मेडिकल कॉलेज देवरिया में इलाज के दौरान मौत हो गई । सूचना पर पहुंची पुलिस ने विधिक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।
थानेदार राकेश कुमार राय ने बताया कि बरियारपुर थाना क्षेत्र के घटेला चेती निवासी देवानंद शर्मा (18), पुत्र जनार्दन शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने मारपीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
पिता जनार्दन शर्मा के अनुसार 26 तारीख को रात में बेटे के साथ मारपीट की सूचना मिली। इसके बाद परिजन उसे घायल अवस्था में इलाज के लिए स्थानीय चौराहे पर स्थित निजी चिकित्सक के पास ले गए। हालत गंभीर होने पर 27 तारीख को भी उसका इलाज जारी रहा, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
अचानक ज्यादा बिगड़ने पर उसे महर्षि देवरा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपों के आधार पर पुलिस विधिक कार्रवाई शुरू कर दी हैं ।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

