नाै साल पहले जारी फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र किया निरस्त
मुरादाबाद, 16 जुलाई (हि.स.)। करीब नौ साल पहले मुगलपुरा निवासी मोहम्मद सलीम का जारी मृत्यु प्रमाणपत्र निरस्त कर दिया गया। पिता के जिंदा रहते हुए बेटे ने फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनवा लिया था। अब इस मामले में पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
मुगलपुरा के फैजगंज निवासी मोहम्मद सलीम के बड़े बेटे जीशान सलीम पर आरोप है कि उसने वर्ष 2017 में पिता को मृत दर्शाकर नगर निगम से मृत्यु प्रमाणपत्र बनवा लिया था। इसके आधार पर उसने संपत्ति से जुड़े लेन-देन कर लिए। जबकि पिता सलीम सऊदी अरब में रहकर कारोबार कर रहे थे। शिकायत मिलने पर नगर आयुक्त ने तीन सदस्यीय कमेटी से जांच कराई थी। समिति ने नगर निगम और रामपुर प्रशासन के अभिलेखों की जांच की थी। इसके बाद जांच में नगर निगम की ओर से प्रमाणपत्र निरस्त करने की संस्तुति की गई थी।
अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि नगर निगम ने 38 पृष्ठ की जांच रिपोर्ट लखनऊ भेजी, जिसके आधार पर प्रमाणपत्र निरस्त कर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

