home page

चीनी के बढ़ते दाम काे लेकर फेसबुक पर पोस्ट करना लेखपाल को पड़ा भारी, निलंबित

 | 
चीनी के बढ़ते दाम काे लेकर फेसबुक पर पोस्ट करना लेखपाल को पड़ा भारी, निलंबित


जौनपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। चीनी के बढ़ते दाम को लेकर फेसबुक पर पोस्ट करना शाहगंज तहसील में तैनात एक लेखपाल को भारी पड़ गया। सोमवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होने के बाद प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए लेखपाल अशोक कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मचा हुआ है।

अशोक कुमार यादव शाहगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम बारा में लेखपाल के पद पर तैनात हैं और संबंधित क्षेत्र के हल्का प्रभारी भी हैं। सोमवार को उन्होंने चीनी के बढ़ते दाम को लेकर फेसबुक पर एक पोस्ट किया। पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला प्रशासनिक अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा।मामले में कार्रवाई करते हुए एसडीएम अंकुर कुमार वर्मा ने लेखपाल को निलंबित कर दिया। हालांकि, एसडीएम से मामले के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन वह निरीक्षण में व्यस्त होने के कारण बात नहीं हो सकी।तहसीलदार सौरभ कुमार ने बताया कि लेखपाल अशोक कुमार यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर चीनी के दाम को लेकर पोस्ट किया था। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारी द्वारा शासन की नीतियों को लेकर इस तरह सोशल मीडिया पर पोस्ट करना उचित नहीं है। मामले को संज्ञान में लेते हुए एसडीएम की ओर से लेखपाल के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।निलंबित लेखपाल अशोक कुमार यादव से दूरभाष पर संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वह दो दिनों से छुट्टी पर हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें निलंबन की कार्रवाई और मामले के संबंध में जानकारी नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव