home page

सीएल गुप्ता स्कूल ऑफ ऑप्टोमेट्री के छात्र-छात्राओं ने निकाली नेत्रदान जागरुकता रैली

 | 
सीएल गुप्ता स्कूल ऑफ ऑप्टोमेट्री के छात्र-छात्राओं ने निकाली नेत्रदान जागरुकता रैली


मुरादाबाद, 08 सितम्बर (हि.स.)। सीएल गुप्ता नेत्र संस्थान एवं मुरादाबाद नागरिक समाज के तत्वावधान में 41 वां राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा बहुत ही धूमधाम से मनाया गया। 15 दिवसीय कार्यक्रमों में जन जागरूकता अभियान को विशेष स्थान दिया गया। मंगलवार को सीएल गुप्ता स्कूल ऑफ ऑप्टोमेट्री के छात्र-छात्राओं को नेत्रदान जागरुकता रैली में सम्मिलित किया गया रैली में नेत्रदान महादान के नारे लगाए गए। वहीं सीएल गुप्ता नेत्र संस्थान को उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक नेत्रदान प्राप्त करने के लिये बधाई दी गई, इसका श्रेय संपूर्ण आई बैंक टीम को प्रेषित किया गया।

संस्थान की वाइस चेयरपर्सन डॉ. आशी खुराना ने बताया कि पूरे भारत में करीबन 40 लाख लोग कॉर्निया ब्लाइंडनेस से जूझ रहे हैं और हमारे देश में मात्र 60,000 आई डोनेशन प्रतिवर्ष प्राप्त किए जाते हैं जो कि एक बहुत बड़ा गैप है, इसको काम करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रमों का विशेष योगदान है।

संस्थान द्वारा 15 दिन में अस्पतालों के वेटिंग हॉल में नेत्रदान जागरुकता वार्ता का आयोजन किया गया। आई बैंक टीम के द्वारा हैबिट मुस्लिम इंटर कॉलेज में नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, प्रोजेक्ट स्नेह एनजीओ में महिलाओं को नेत्रदान की महत्ता के ऊपर संदेश दिया।

पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से विभिन्न स्कूलों के करीब डेढ़ सौ बच्चों के द्वारा नेत्रदान जागरुकता के संदेश दिए गए। ऑनलाइन जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से कम्युनिटी हेल्थ वर्कर्स को जागरूक किया गया। मुरादाबाद एफएम रेडियो 89.6 पर आई बैंक के डायरेक्टर डॉ. अजीत कुमार द्वारा वार्ता की गई। टीम द्वारा दयानंद गर्ल्स डिग्री कॉलेज कि छात्राओं को नेत्रदान महादान के प्रति जागरूक किया गया। कॉसमॉस हॉस्पिटल में नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम आईसीयू एवं नर्सिंग स्टाफ को दिया गया।

पराग ह्यूमन फाउंडेशन ट्रस्ट के गुरु सम्मान कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को नेत्रदान का जागरूकता भरा संदेश दिया गया। समापन कार्यक्रम में पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि डिप्टी सीएमओ डॉ. विकास के द्वारा सभी स्कूलों को सम्मान पत्र भेंट किया गया।

इन कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए रवि टंडन, संजीव वर्मा, रमेश आर्य, संजय नारंग, दीपक कुमार, डॉ. गरिमा सिंह, डॉ. अजीत, दीपक, तरुण मदान, शलभ, विशाल अग्रवाल, अमित सिंघल आदि सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल