टनकपुर-पीलीभीत-टनकपुर ट्रेन का विस्तार अब शाहजहांपुर तक
-पीलीभीत से उद्घाटन उपरांत 7 जुलाई से पीलीभीत एवं शाहजहांपुर से गाड़ी संख्या 55322/55323 का नियमित संचालन
मुरादाबाद, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने रविवार को बताया कि यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुये 55322/55323 टनकपुर-पीलीभीत-टनकपुर सवारी गाड़ी का मार्ग विस्तार शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन तक किया जा रहा है। इस गाड़ी के मार्ग विस्तार का शुभारम्भ 6 जुलाई को पीलीभीत से शाहजहांपुर उद्घाटन विशेष गाड़ी संख्या 05021 द्वारा किया जाएगा।
सीनियर डीसीएम ने आगे बताया कि रेलगाड़ी संख्या 55322/55323 टनकपुर-पीलीभीत-शाहजहांपुर सवारी गाड़ी का विस्तारित मार्ग पर नियमित संचालन 07 जुलाई से किया जायेगा। उद्घाटन विशेष गाड़ी 05021 का संभावित समयः पीलीभीत से सुबह 10:45 बजे प्रस्थान उपरांत प्रताबपुर हॉल्ट 10:56 -10:58 बजे, पौटा 11:04 -11:06 बजे, भोपतपुर 11:13 - 11.:5 बजे, शेरगंज 11:24 - 11.26 बजे, बीसलपुर 11:34 - 11:36 बजे, मिघौना 11:42 - 11:44 बजे, चक सफोरा 11:49 - 11:51बजे, जिंदपुरा से 11:55 -11:57 बजे, वाजीरपुर हॉल्ट 12:02 -12:04 बजे, निगोही 12:16 - 12:18 बजे, ढ़किया तिवारी 12:25 -12:27 बजे, अरेली 12:31-12:33 बजे, खिरिया खुर्द 12:38 -12:40 बजे तथा शहबाज नगर 12:56 -12:58 बजे तथा शाहजहांपुर स्टेशन पर आगमन समय दोपहर 13:30 बजे होगा।
गाड़ी के उद्घाटन उपरांत 7 जुलाई 2026 से गाड़ी का नियमित संचालन गाड़ी संख्या 55322/55323 टनकपुर-शाहजहांपुर-टनकपुर सवारी गाड़ी के द्वारा किया जाएगा। गाड़ी संख्या 55322 टनकपुर-शाहजहांपुर सवारी गाड़ी 07 जुलाई से टनकपुर से सुबह 7 बजे प्रस्थान कर बनबसा, चकरपुर, खटीमा, मझोला पकड़िया, न्योरिया हुसैनपुर, पीलीभीत, भोपतपुर, बीसलपुर, निगोही, शहबाज नगर स्टेशन पर ठहराव लेते हुए सुबह 11:15 पर शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी ।
गाड़ी संख्या 55323 शाहजहांपुर-टनकपुर सवारी गाड़ी 7 जुलाई को शाहजहांपुर से दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर प्रस्थान कर उपरोक्त सभी स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए शाम 4:50 पर टनकपुर स्टेशन पहुँचेगी।
सीनियर डीसीएम महेश यादव ने कहा कि इस गाड़ी के मार्ग विस्तार से टनकपुर से शाहजहांपुर के मध्य एक सीधी यात्रा सुविधा उपलब्ध हो जायेगी तथा विद्यार्थियों, किसानों, व्यावसायियों सहित स्थानीय जनता को किफायती, संरक्षित एवं आरामदेह यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी और क्षेत्र के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

