home page

शादीशुदा दूल्हे की खुली पोल, बिना दुल्हन लौटी बारात

 | 

औरैया, 08 मई (हि. स.) । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर शहर के एक गेस्ट हाउस में आयोजित विवाह समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब दूल्हे की पहली पत्नी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई। मामले का खुलासा होते ही शादी की रस्में बीच में रोक दी गईं और बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।

जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी, जो मध्य प्रदेश में रेलवे विभाग में कार्यरत हैं, ने अपनी पुत्री का विवाह मूसानगर क्षेत्र निवासी युवक के साथ तय किया था। सात मई को औरैया के एक गेस्ट हाउस में विवाह समारोह आयोजित किया गया था। गुरुवार सुबह से ही शादी की तैयारियां चल रही थीं और देर रात तक मेहमानों की आवाजाही व दावत का कार्यक्रम जारी था।

इसी दौरान रात करीब नौ बजे एक महिला पुलिस टीम के साथ गेस्ट हाउस पहुंची। पुलिस को देखकर समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। महिला ने खुद को दूल्हे की पत्नी बताते हुए दावा किया कि उसकी शादी करीब दस वर्ष पहले उसी युवक से हो चुकी है और उनकी एक पुत्री भी है।

महिला ने विवाह से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य पुलिस को दिखाए, जिसके बाद लड़की पक्ष के लोग भी हैरान रह गए। सूचना पर पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ की। प्रथम दृष्टया मामला सही पाए जाने पर पुलिस की मौजूदगी में विवाह की रस्में रुकवा दी गईं। इसके बाद बारात बिना शादी के ही वापस लौट गई।

लड़की के पिता ने शुक्रवार को पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि शादी की तैयारियों और दहेज संबंधी मांगों में उनका करीब 10 लाख रुपये खर्च हो चुका है। उन्होंने मामले में कार्रवाई और न्याय की मांग की है।

कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार