home page

पूर्व विधायक विजय सिंह के घर में बिस्फोट, दो बेटों समेत तीन घायल

 | 
पूर्व विधायक विजय सिंह के घर में बिस्फोट, दो बेटों समेत तीन घायल


फर्रुखाबाद, 17 मार्च (हि.स.)। पूर्व ऊर्जा मंत्री ब्रह्मदत्त हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहे सदर विधान सभा के पूर्व विधायक विजय सिंह उर्फ उस्ताद के आवास पर मंगलवार को विस्फोट हो गया,​ जिससे भगदड़ मच गई। विस्फोट में विधायक के दो पुत्र एवं एक पूर्व प्रधान घायल हो गयें जिन्हे लोहिया अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

कोतवाली क्षेत्र मोहल्ला नाला मछरट्टा स्थित विजय सिंह के आवास पर देर शाम भयंकर विस्फोट की आवाज सुनी गई। घटना की जानकारी पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। भयंकर विस्फोट से पूरा मकान क्षतिग्रस्त होकर धंस गया। खिड़कियों के शीशे टूट कर सड़क पर जा गिरे। हादसे में विधायक के पुत्र सिवकी,विक्की एवं नरपुर के पूर्व प्रधान भैया चौहान घायल हुए हैं, जिनको पुलिस ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया है।

मौके पर पहुंची पुलिस को विजय सिंह की पत्नी दमयंती सिंह ने बताया कि वह मकान के ऊपर पूजा कर रही थी। भयंकर विस्फोट की आवाज सुनकर समझा कि भूकंप आया है। भय के कारण वह बिना साड़ी पहने मैक्सी में ही नीचे आ गई। उन्होंने बताया कि घटना के समय बेटे सिक्की व विक्की मकान के निचले हिस्से में थे, जो घायल हो गए। भयंकर विस्फोट से पूरा परिवार सहमा हुआ है और लोग उन्हे ढांढस बंधा रहे हैं।

सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बताते चले कि पूर्व विधायक विजय सिंह, पूर्व ऊर्जा मंत्री ब्रह्मदत्त हत्याकांड में इस समय बाँदा जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar