home page

स्टेट हेल्थ एजेंसी की टीम आयुष्मान के तहत हुए इलाज के अभिलेखों की करेगी पड़ताल

 | 
स्टेट हेल्थ एजेंसी की टीम आयुष्मान के तहत हुए इलाज के अभिलेखों की करेगी पड़ताल


मुरादाबाद, 17 नवम्बर (हि.स.)। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत मरीजों का इलाज करने वाले अस्पतालों के पुराने रिकॉर्ड की जांच की जाएगी। स्टेट हेल्थ एजेंसी (सांचीज) की टीम वर्ष 2019 से 2023 तक के अभिलेखों की पड़ताल करेगी। इसमें मरीजों के भर्ती होने, उन्हें दिए गए उपचार, अस्पतालों की ओर से किए गए क्लेम और उनके भुगतान से जुड़े दस्तावेज देखे जाएंगे। जांच के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के अधिकारी भी टीम के साथ रहेंगे।

मुरादाबाद जनपद में 11 अस्पताल ऐसे हैं, जिनकी आयुष्मान योजना के तहत संबद्धता खत्म हो चुकी है। इन अस्पतालों में योजना के तहत पहले कराए गए इलाज और भुगतान का ब्योरा भी जांच के दायरे में रहेगा। टीम अस्पतालों के रिकॉर्ड का मिलान कर यह देखेगी कि मरीजों को योजना के तय नियमों के मुताबिक उपचार दिया गया था या नहीं। क्लेम के साथ लगाए गए दस्तावेजों की भी जांच होगी। इस जांच में गोपनीयता बरती जाएगी। किस अस्पताल में किस दिन जांच होगी, इसकी सूचना पहले से प्रबंधन को नहीं दी जाएगी। अस्पतालों का चयन और जांच का कार्यक्रम केवल सांचीज के अधिकारियों को पता होगा। टीम बिना पूर्व सूचना सीधे अस्पताल पहुंचकर रिकॉर्ड खंगालेगी।

नोडल अधिकारी डॉ. राजीव कुमार शर्मा ने मंगलवार को बताया कि जांच में पुराने दस्तावेजों की उपलब्धता और उनकी प्रमाणिकता पर भी ध्यान दिया जाएगा। अभिलेखों में गड़बड़ी या योजना के नियमों के उल्लंघन की बात सामने आने पर संबंधित अस्पताल से जवाब मांगा जाएगा। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई होगी।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल