home page

विद्यार्थी संविधान की भावना को व्यवहार में उतारें : प्रो. राकेश सिंह

 | 
विद्यार्थी संविधान की भावना को व्यवहार में उतारें : प्रो. राकेश सिंह


जौनपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वामी विवेकानंद केंद्रीय पुस्तकालय में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने भारतीय संविधान की मूल प्रति का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका के प्रति जागरूक किया।

कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार है। विद्यार्थियों को संविधान में प्रदत्त अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों की भी जानकारी होनी चाहिए। समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्यों को अपने व्यवहार में अपनाकर ही राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान दिया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी संविधान की भावना को व्यवहार में उतारकर सशक्त, संवेदनशील और जवाबदेह लोकतंत्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना विकसित करने के साथ उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जिम्मेदार बनाते हैं।

कार्यक्रम में दंतोपंत ठेंगड़ी विधि संस्थान के असिस्टेंट प्रोफेसर राहुल राय और डॉ. राजित राम सोनकर ने विद्यार्थियों को संविधान की मूल प्रति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना, मूल संरचना और स्वतंत्रता के बाद समय-समय पर किए गए संवैधानिक संशोधनों की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि संविधान महज कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि लोकतंत्र, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और नागरिक अधिकारों का जीवंत आधार है।

वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए संविधान की समझ विशेष रूप से आवश्यक है, क्योंकि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, नागरिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों का पत्रकारिता से गहरा संबंध है।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान दिवस से पूर्व संविधान की मूल प्रति, उसकी प्रस्तावना और संवैधानिक संशोधनों की प्रक्रिया से परिचित कराना था। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, प्रो. मनोज मिश्र, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. इंद्रेश कुमार सहित अन्य शिक्षक और केंद्रीय पुस्तकालय में अध्ययनरत विद्यार्थी उपस्थित रहे।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव