एटा में बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दादी और नाती की मौत
आगरा , 01 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में जीटी रोड पर तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार दादी और नाती की मौत हो गई। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
शुक्रवार को कृष्ण कुमार वर्मा (25) पुत्र मदन गोपाल अपनी दादी साबित्री देवी (65) पत्नी मोर मुकुट को जनपद मैनपुरी में कस्बा कुरावली से मोटरसाइकिल पर बिठा कर अपने गांव रामपुर घनश्यामपुर थाना कोतवाली देहात एटा वापस आ रहे थे। इसी दौरान एटा में थाना क्षेत्र मलावन अंतर्गत जीटी रोड पर पुलिस चौकी सेंथरी अंतर्गत ग्राम छछैना के पास दोपहर करीब 2 बजे बोलेरो मैक्स ने बाइक टक्कर मार दी। जिसमें दोनों गम्भीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर स्थानीय पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज एटा भेजा गया, जहां पर चिकित्सकों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार कृष्ण कुमार के घर पर भागवत कथा का आयोजन होने वाला था। इसी के लिए वह अपनी दादी को कुरावली से वापस लेकर आ रहे थे। कृष्ण कुमार का 04 वर्ष पहले विवाह हुआ था उनके दो वर्ष की बेटी भी है। एक ही परिवार के दो सदस्यों दादी नाती की एक साथ मौत के बाद गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
मलावन थाने की चौकी सेंथरी इंचार्ज निश्चल सोलंकी ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है, वह सभी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए हैं। मैक्स ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vivek Upadhyay

