बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे पर चार स्थानों पर जन सुविधा केन्द्रों की स्थापना
लखनऊ, 08 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे काे केवल एक सड़क परियोजना तक सीमित न रखते हुए इसे आधुनिक सुविधाओं एवं क्षेत्रीय विकास के नए केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
सरकार बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे पर चार स्थानों पर ई-वे हब व जनसुविधा परिसरों की स्थापना का कार्य करा रही है। इसके लिए वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में 12907.84 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है, जिसके सापेक्ष 4517.74 लाख रुपये की धनराशि जारी की गयी है।
प्रस्तावित जन सुविधा परिसरों की स्थापना बांदा में एक, हमीरपुर में एक तथा जालौन में दो स्थानों पर की जाएगी। इन परिसरों के विकसित होने से यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आधुनिक सेवाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी सृजित होंगे। लगभग 296 किलोमीटर लंबा चार लेन वाला बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों को जोड़ता है। अब इसके किनारे ई-वे हब विकसित किए जाने से यह परियोजना और अधिक उपयोगी तथा जनहितकारी साबित होगी। औद्योगिक विकास विभाग द्वारा इस संबंध में आवश्यक आदेश जारी कर दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्द्र पाण्डेय

