मुरादाबाद में 14 आयुष्मान आरोग्य मंदिर की होगी स्थापना
मुरादाबाद, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मरीजों के इलाज के लिए मुरादाबाद शहरी क्षेत्र में 14 आयुष्मान आरोग्य मंदिर की स्थापना की जाएगी। इससे मरीजों के इलाज में सहूलियत होगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर टेंडर जारी कर दिया गया है। भवन का किराया सर्किल रेट से तय किया जाएगा। शहरी क्षेत्र में 15 हजार से 20 हजार की आबादी वाले बचे वार्डों में आयुष्मान आरोग्य मंदिर की स्थापना की जानी है। इसके लिए सात वार्ड चिह्नित किए गए हैं। इसमें बरवलान, कानून गोयान, गलशहीद, लालबाग, चौमुखापुल, अशोक नगर, लाइनपार शामिल हैं। यहां किराये के भवन में आरोग्य मंदिर संचालित करने की योजना है। इसके लिए ओपीडी रूम, औषधि भंडार एवं वितरण, स्टाफ नर्स कक्ष, परीक्षण कक्ष, वेटिंग रूम व पंजीकरण, दो शौचालय, वेलनेस कक्ष और डे केयर रूम की जरूरत है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि महानगर के सात वार्डों में 14 आरोग्य मंदिर की स्थापना की योजना है। इसके लिए निविदा मांगी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

