जौनपुर में अर्टिगा कार की टक्कर से शहीद भगत सिंह की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, सात घायल
जौनपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में केराकत कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सारायवीरू चौराहे पर स्थापित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा से जा टकराई। हादसे में कार सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि प्रतिमा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दिल्ली नंबर की अर्टिगा कार सारायवीरू चौराहे से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे चौराहे पर स्थापित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रतिमा पूरी तरह टूट गई और कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में घायल सभी लोग देवकली गांव के निवासी बताए गए हैं। घायलों में शिवम मिश्रा (24) पुत्र दिनेश मिश्रा, आशुतोष पाठक (19) पुत्र कौशल पाठक, राधिका पाठक (73) पत्नी सुभाष चंद्र पाठक, सुभाष चंद्र पाठक (74) पुत्र जगन्नाथ पाठक, कौशल पाठक (42) पुत्र सुभाष चंद्र पाठक, सुधा पाठक (40) पत्नी कौशल पाठक तथा मानवी पाठक (16) पुत्री कौशल पाठक शामिल हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही केराकत कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। इस संबंध में जानकारी लेने पर क्षेत्राधिकारी केराकत अजय कुमार राय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची घायलों को हॉस्पिटल भेज दिया गया है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शहीद भगत सिंह की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी गई।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

