home page

भवन गणना अभियान 20 जून तक चलेगा, घर-घर पहुंच रही जनगणना टीम

 | 
भवन गणना अभियान 20 जून तक चलेगा, घर-घर पहुंच रही जनगणना टीम


कानपुर, 22 मई (हि.स.)। जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत जनपद में शुक्रवार से मकान सूचीकरण एवं भवन गणना का अभियान शुरू हो गया। प्रगणक गांवों, मोहल्लों और बाजारों में पहुंचकर भवनों, परिवारों और संस्थानों से जुड़ी जानकारी एकत्र कर रहे हैं। इस्कॉन टेम्पल, कुष्मांडा मंदिर और बाणेश्वर महादेव मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का भी सूचीकरण किया गया। यह बातें शुक्रवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहीं।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना के पहले चरण में भवनों की गणना की जा रही है, जिसके तहत भवन की स्थिति, उपयोग, पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई ईंधन और अन्य सुविधाओं समेत 33 प्रकार की सूचनाएं दर्ज की जाएंगी। उन्होंने कहा कि अभियान 20 जून तक चलेगा और इसके लिए जनपद में 10621 प्रगणक एवं सुपरवाइजर लगाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि स्वगणना का चरण पूरा हो चुका है और अब प्रगणक निर्धारित प्रारूप के अनुसार घर-घर जाकर सूचनाएं संकलित कर रहे हैं। इस दौरान मकानों के साथ मंदिर, धर्मशाला, होटल, दुकान और अन्य संस्थानों का भी विवरण दर्ज किया जा रहा है। नगर पालिका परिषद घाटमपुर के वार्ड गांधी नगर स्थित प्राचीन बाणेश्वर महादेव मंदिर का भी सूचीकरण किया गया।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. विवेक चतुर्वेदी ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं का महत्वपूर्ण आधार होती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्रगणकों को सही एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान किसी भी व्यक्ति से बैंक खाता, ओटीपी या अन्य वित्तीय जानकारी नहीं मांगी जाती और सभी सूचनाएं पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं।

प्रशासन के अनुसार फरवरी 2027 में जनगणना के दूसरे चरण के तहत व्यक्तियों की गणना की जाएगी। सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को अधिकृत पहचान पत्र उपलब्ध कराए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप