नामांकन मेले में 30 नवप्रवेशी बच्चों का दाखिला, बीएसए ने किया उत्साहवर्धन
जौनपुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। बदलापुर विकासखंड के अभिनव इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय, पुरानी बाजार में शुक्रवार को आयोजित नामांकन मेले में बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने 30 नवप्रवेशी बच्चों का नामांकन कराया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों का माल्यार्पण कर उन्हें कॉपी, कलम और ट्रॉफी भेंट की तथा स्नेहपूर्वक उनका उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाध्यापिका एवं राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित डॉ. विभा शुक्ला तथा अन्य शिक्षकों ने बीएसए का स्वागत करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस दौरान बीएसए ने उपस्थित अभिभावकों से संवाद किया और विद्यालय में संचालित शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी ली।अभिभावकों ने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कक्षा आठ तक मान्यता दिलाने की मांग रखी, ताकि बच्चों की आगे की पढ़ाई भी इसी विद्यालय में हो सके। इस पर बीएसए ने आश्वासन दिया कि इस मांग पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।कार्यक्रम में विद्यालय परिसर में बने दिव्यांग शौचालय का शुभारंभ भी मुख्य अतिथि की मौजूदगी में बच्चों द्वारा फीता काटकर किया गया। विद्यालय की स्वच्छता व्यवस्था और अभिभावकों से मिले सकारात्मक फीडबैक पर बीएसए ने शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, रसोइयों एवं अभिभावकों की प्रशंसा की और अधिक से अधिक नामांकन बढ़ाने पर जोर दिया।इस अवसर पर वरिष्ठ लेखाकार विंध्यवासिनी उपाध्याय, प्रतिभा यादव, गार्गी त्रिपाठी, प्रियव्रत मिश्रा, एजाज अहमद, श्रीप्रकाश यादव, रीता देवी, शिक्षामित्र अरविंद यादव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मंजू सिंह, सीमा मिश्रा, शशिकला पांडे, सीमा खरवार, किरन सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

