home page

तंबाकू नियंत्रण के लिए लगातार जारी रहेगा प्रवर्तन अभियान: संजय प्रताप सिंह

 | 
तंबाकू नियंत्रण के लिए लगातार जारी रहेगा प्रवर्तन अभियान: संजय प्रताप सिंह


कानपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। तंबाकू उत्पादों की बिक्री में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान, नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद बेचने और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री पर कार्रवाई की जाएगी। यह बातें बुधवार को सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) संजय प्रताप सिंह ने आर्य नगर में चलाए गए संयुक्त प्रवर्तन अभियान के दौरान कही।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर आज स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने आर्य नगर क्षेत्र में दुकानों और सार्वजनिक स्थानों की जांच की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान, तंबाकू उत्पादों के विज्ञापन, नाबालिगों को बिक्री, शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में बिक्री और उत्पादों पर वैधानिक चेतावनी की जांच की गई।

कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 20 व्यक्तियों और दुकानदारों के चालान किए गए। उनसे कुल चार हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। जांच में तीन दुकानों पर बिना वैधानिक चेतावनी वाले तथा फ्लेवर्ड सिगरेट जैसे प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री भी मिली। संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

संयुक्त टीम ने दुकानदारों को कोटपा अधिनियम की धारा चार, पांच, छह और सात का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि दोबारा नियमों का उल्लंघन मिलने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जिले में तंबाकू नियंत्रण को लेकर प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप