home page

ईएमटी दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित

 | 
ईएमटी दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित


फर्रुखाबाद,02 अप्रैल (हि.स.)। ईएमटी दिवस के उपलक्ष्य में जिलाधिकारी ने 108/102 एंबुलेंस के कर्मियों को सम्मानित किया। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में दिन-रात समर्पित रहने वाले ईएमटी के सम्मान में आज ईएमटी दिवस बड़े उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर 108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवा के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों का चयन कर उन्हें जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया ।

यह सम्मान समारोह जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित किया गया, जिसमें अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी सहित क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का वातावरण गर्व, सम्मान एवं प्रेरणा से परिपूर्ण रहा, जहाँ प्रत्येक ईएमटी के समर्पण एवं सेवा भावना की सराहना की गई।

कार्यक्रम में उपस्थित स्टाफ में सोनिका, आकांक्षा, भानु प्रताप, प्रियंका, श्रद्धा, नितेश कुमारी, सोनू, सौरभ, आदेश, जितेंद्र, अमन, प्रमोद कुमार, प्रीति, रजनीश, मोहित कुमार एवं सुनील शामिल रहे, जिन्होंने अपने सक्रिय योगदान से कार्यक्रम को सफल बनाया।

108 एम्बुलेंस सेवा के ईएमटी सोनू द्वारा आत्मविश्वास एवं उत्कृष्ट ज्ञान के साथ विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। उनकी प्रभावशाली प्रस्तुति से उपस्थित सभी अधिकारी प्रभावित हुए। जिलाधिकारी ने उनकी सराहना करते हुए इसे एक अनुकरणीय उदाहरण बताया।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक (108/102) विजय चौहान की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही, जिनके कुशल समन्वय से कार्यक्रम सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar