दिव्यांग सशक्तिकरण अभियान शुरू, 10 अगस्त तक प्रदेश भर में लगेंगे विशेष रोजगार मेले
लखनऊ, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (यूपीएसडीएम) द्वारा रविवार से प्रदेशव्यापी 'दिव्यांगजन रोजगार अभियान 3.0' का शुभारंभ किया गया। यह विशेष अभियान 10 अगस्त 2026 तक चलेगा, जिसके तहत प्रदेश के सभी जनपदों में विशेष रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा।
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने जारी बयान में कहा कि प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। दिव्यांगजन रोजगार अभियान 3.0 उसी संकल्प का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार का मानना है कि दिव्यांगजन में असीम क्षमता है, जरूरत है उन्हें सही कौशल, सही अवसर और सम्मानजनक मंच देने की। यह अभियान दिव्यांग युवाओं को केवल रोजगार ही नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की नई पहचान देगा।
यूपीएसडीएम द्वारा आयोजित किए जा रहे विशेष रोजगार मेलों में निजी क्षेत्र की बड़ी कंपनियों को जोड़ा गया है ताकि हमारे दिव्यांग युवा अपनी योग्यता के अनुसार बेहतर नौकरी पा सकें। जो युवा खुद का व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं, उन्हें सरकार ऋण और उद्यमिता योजनाओं के माध्यम से हर संभव मदद देगी। अभियान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि पहले और दूसरे चरण में लाभान्वित हुए दिव्यांगजनों का भौतिक सत्यापन भी कराया जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वे आज भी स्थायी रूप से रोजगार से जुड़े हैं। यह पारदर्शिता और परिणामोन्मुख शासन का प्रतीक है।
मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि इस अभियान में कौशल विकास मिशन से प्रशिक्षित दिव्यांग युवाओं के साथ-साथ अन्य योग्य एवं इच्छुक दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। अभियान के दौरान प्रदेश के सभी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में विशेष रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। इनमें विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी और दिव्यांग अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी। वहीं, स्वरोजगार की इच्छा रखने वाले युवाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत ऋण के लिए आवेदन करने का अवसर मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

