home page

परेड के बीस हजार परिवारों पर रोजगार का संकट, दुकानदारों को न हटाने की मांग

 | 
परेड के बीस हजार परिवारों पर रोजगार का संकट, दुकानदारों को न हटाने की मांग


कानपुर, 09 मई (हि.स.)। परेड क्षेत्र के दुकानदारों और व्यापारियों के समर्थन में समाजवादी पार्टी कानपुर महानगर अध्यक्ष हाजी फज़ल महमूद के नेतृत्व में शनिवार को प्रतिनिधिमंडल ने एसीएम-तीन से मुलाकात कर गरीब परिवारों की रोज़ी-रोटी बचाने की मांग उठाई। “परेड क्षेत्र के गरीब व्यापारियों को बिना नोटिस हटाने की कार्रवाई अन्यायपूर्ण है। समाजवादी पार्टी मजदूरों, छोटे व्यापारियों और मेहनतकश परिवारों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।

समाजवादी पार्टी नेताओं ने कहा कि परेड ग्राउंड स्थित 37/6 जंगला क्षेत्र में आजादी के समय से सैकड़ों छोटी दुकानें संचालित हो रही हैं। इन दुकानों से हजारों गरीब और मेहनतकश परिवारों का भरण-पोषण होता है। हाल ही में नगर निगम अधिकारियों द्वारा बिना किसी लिखित नोटिस और वैकल्पिक व्यवस्था के दुकानदारों को दुकानें खाली करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे करीब बीस हजार परिवारों के सामने रोज़गार का संकट खड़ा हो गया है।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि परेड क्षेत्र के दुकानदारों को वहां से न हटाया जाए और किसी भी दुकान को न तोड़ा जाए। साथ ही यदि प्रशासन किसी प्रकार का स्थानांतरण प्रस्तावित करता है तो पहले उचित पुनर्वास और रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बिना लिखित नोटिस किसी भी प्रकार की कार्रवाई न करने की मांग भी उठाई गई।

हाजी फज़ल महमूद ने कहा कि गरीब, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के मेहनतकश व्यापारियों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा छोटे व्यापारियों और मजदूरों के हितों की आवाज उठाती रही है और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।

एसीएम-तीन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मामले का गंभीरता से संज्ञान लेकर समस्या के समाधान के लिए उचित कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में शैलेंद्र यादव मिन्टू, अपर्णा जैन, डॉ. नितेंद्र यादव, रजत मिश्रा और सुधांशु मिश्रा समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप