जिलाधिकारी ने अनुपस्थित मिले कर्मचारी काे जारी किए कारण बताओ नोटिस
देवरिया, 30 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार सुबह विकास खंड रामपुर कारखाना कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकांश अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जिस पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पंचायत सचिव की उपस्थिति के संबंध में दूरभाष पर जानकारी ली। पंचायत सचिव ने स्वयं को फील्ड में होने की बात कही, लेकिन इस संबंध में एडीओ पंचायत को कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। वहीं, ब्लॉक मिशन मैनेजर (बीएमएम) भी कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की प्रगति रिपोर्ट मांगे जाने पर संबंधित अधिकारी संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। इसके अलावा मनरेगा कार्यों की प्रगति बताने के लिए भी कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं मिला।
जिलाधिकारी ने अनुपस्थित पाए गए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिला तो संबंधित अधिकारियों का वेतन रोका जाएगा और नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से कार्यालय पहुंचने, नियमित जनसुनवाई करने तथा आम जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

