बिजली का करंट लगने से मासूम की मौत
फर्रुखाबाद, 09 जुलाई (हि.स.)। शमशाबाद थाना क्षेत्र के गांव उलियापुर में गुरुवार दोपहर आठ वर्षीय मासूम की करंट लगने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना शमसाबाद के गांव उलियापुर निवासी सुरजीत जाटव का 8 वर्षीय पुत्र मयंक अपने सौतेले भाई अंकुर और एक अन्य बच्चे के साथ खेत पर मक्का की रखवाली कर रहे बाबा सोनेलाल के पास गया था। दोपहर करीब 1:30 बजे बारिश शुरू होने पर तीनों बच्चे घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के पास चकरोड पर हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटा हुआ जमीन पर पड़ा था। मयंक अनजाने में उसकी चपेट में आ गया और करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। साथ मौजूद बच्चों ने तुरंत खेत पर मौजूद बाबा सोनेलाल को सूचना दी। उन्होंने लाठी की मदद से मयंक को करंट वाले तार से अलग किया। इसके बाद परिजन उसे घर लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक मयंक पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था।
मृतक के चाचा ने आरोप लगाया कि एचटी लाइन का तार करीब एक वर्ष से टूटा पड़ा था, जिसकी कई बार शिकायत भी की गई, लेकिन विभाग ने स्थायी समाधान नहीं किया। वहीं, विद्युत विभाग के जेई जुनेद आलम ने बताया कि बरसात और बाढ़ के दौरान लाइन क्षतिग्रस्त हुई थी। नई केबल डालकर आपूर्ति बहाल कर दी गई थी। जमीन पर पड़े तार में करंट कैसे आया, इसकी जांच कराई जाएगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति भारी नाराजगी है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

