home page

सुलतानपुर : झाड़ियों में मिले सरकारी फॉर्म-6, आरसी पेपर, जांच के आदेश

 | 
सुलतानपुर : झाड़ियों में मिले सरकारी फॉर्म-6, आरसी पेपर, जांच के आदेश


सुलतानपुर, 22 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर की लंभुआ तहसील में पुरानी तहसील भवन के पास झाड़ियों में सैकड़ों सरकारी दस्तावेज लावारिस हालत में पाए गए। इनमें वर्ष 2017-18 के फॉर्म-6 और आरसी डॉक्यूमेंट्स शामिल हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

लंभुआ तहसील की पुरानी बिल्डिंग में स्थित सरकारी रिकॉर्ड रूम का ताला तोड़कर इन दस्तावेजों को बाहर निकाला गया था, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर यह वीडियो और खबर प्रसारित होने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ।

जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी लंभुआ ने तुरंत मौके का निरीक्षण किया। प्राथमिक जांच में पता चला है कि ये दस्तावेज वर्ष 2017 और 2018 के हैं, जिन्हें एक सुरक्षित कमरे में रखा गया था। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस सुरक्षित परिसर का ताला तोड़ा और दस्तावेजों से भरा बोरा बाहर फेंक दिया।

जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने सोमवार को बताया कि एसडीएम और सीओ को जांच के लिए भेजा गया था। पहली रिपोर्ट के अनुसार, पुरानी तहसील की बिल्डिंग में 2017-18 के कुछ दस्तावेज एक बोरे में सुरक्षित रखे थे, जिन्हें बाहर निकालकर फेंक दिया गया। उन्होंने ताला टूटने और दस्तावेजों को फेंकने की विस्तृत जांच के लिए एडीएम प्रशासन, सीओ लंभुआ और एसडीएम लंभुआ की एक समिति गठित की है।

जिलाधिकारी ने कहा कि समिति की रिपोर्ट शाम तक आ जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इन दस्तावेजों के दुरुपयोग की संभावना कम है, क्योंकि ये 2017-18 के फॉर्म-6 और सामान्य आरसी दस्तावेज हैं। हालांकि, किसी भी परिस्थिति में इन्हें इस तरह बाहर नहीं फेंका जाना चाहिए था। प्रशासन का कहना है कि 100 से अधिक फॉर्म-6 और कुछ सामान्य आरसी पेपर्स होने के बावजूद बड़े दुरुपयोग की आशंका नहीं है। एडीएम प्रशासन की अगुवाई में बनी तीन सदस्यीय कमेटी मामले की तह तक जाने में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त