home page

तेज रफ्तार कार की टक्कर से मोपेड सवार बुजुर्ग की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार

 | 
तेज रफ्तार कार की टक्कर से मोपेड सवार बुजुर्ग की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार


कानपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। महाराजपुर थाना अंतर्गत गुरुवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से मोपेड सवार एक बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बुजुर्ग कई फीट दूर जाकर गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं, जबकि फरार कार सवारों की तलाश जारी है।

घटना पूर्वामीर क्षेत्र में छिवली नदी के पास एमजी कॉलेज के निकट हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गति से आ रही कार ने सामने चल रहे मोपेड सवार बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग हाईवे से उछलकर करीब 30 फीट दूर सड़क किनारे पेड़ों के बीच जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद कार में सवार तीन पुरुष और एक महिला वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पीआरवी और महाराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भाग रहे लोगों का पीछा भी किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आ सके।

पुलिस ने घटनास्थल पर छोड़ी गई कार की तलाशी ली। इस दौरान वाहन की सीटों से कुछ संदिग्ध खाली बोतलें बरामद हुईं, जिन्हें कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के समय चालक नशे की हालत में था या नहीं।

गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसौल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी महाराजपुर राजेश कुमार ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटनास्थल से बरामद कार को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। फरार कार सवारों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करते हुए विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप