औरैया में कुएं में गिरने से वृद्ध की मौत
औरैया, 08 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फूलपुर में शुक्रवार को वृद्ध की कुएं में गिरने से मौत हो गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया।
ग्राम फूलपुर निवासी 85 वर्षीय राजबहादुर मिश्रा शुक्रवार काे घर में भोजन करने के बाद पास स्थित मंदिर पर पहुंचे। मंदिर के बाहर उन्होंने अपनी चप्पल उतारी और कुछ देर वहीं बैठ गए। बताया जा रहा है कि मंदिर के पास स्थित पुराने कुएं में झांकते समय वृद्धावस्था के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक कुएं में जा गिरे। उधर से गुजर रहे एक युवक ने वृद्ध को कुएं में गिरते देखा तो शोर मचा दिया। आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। नायब तहसीलदार अशोक कुमार, अनंतराम चौकी प्रभारी योगेंद्र सिंह तथा फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई।
काफी मशक्कत के बाद रस्सियों की सहायता से वृद्ध को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। कोतवाली प्रभारी ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

