आकाशी बिजली की चपेट आने से वृद्ध की मौत
देवरिया, 13 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में बघोच घाट थाना क्षेत्र में पथरदेवा में बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। घटना तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश के दौरान हुई।
नेरुआरी ग्राम पंचायत निवासी रामनाथ प्रसाद (65) पुत्र मंगल प्रसाद अपनी बकरी को बारिश से बचाने के लिए सुरक्षित स्थान पर ले जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके पास आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक के एकमात्र पुत्र दुर्गेश प्रसाद मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ग्रामीणों के अनुसार बुधवार शाम अचानक मौसम खराब हो गया था और तेज हवा के साथ लगातार बिजली कड़क रही थी, तभी यह हादसा हुआ।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। थाना प्रभारी ने बताया कि आलाधिकारियाें काे अवगत करा दिया गया है और प्रशासन ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

