home page

काली माता के स्थान पर बुजुर्ग ने बांके से गला काटकर दी जान

 | 
काली माता के स्थान पर बुजुर्ग ने बांके से गला काटकर दी जान


कानपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में बिधनू थाना क्षेत्र स्थित धीरपुर गांव में मंगलवार को बुजुर्ग ने काली माता के स्थान पर पहुंचकर बांके से गला काटकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों का कहना है कि कुत्ते के काटने के बाद से उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।

मृतक की पहचान रामआसरे (57) के रूप में हुई। वह करीब 20 वर्षों से धीरपुर गांव में अपने बहनोई मुन्नीलाल के खेत के पास झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। धीरपुर में उनकी बहन सुखरानी की ससुराल है और वहीं उनके खाने-पीने की व्यवस्था होती थी। परिवार में बहन-बहनोई के अलावा दो भांजे शैलेश कुमार और हिमांशु हैं।

भांजे शैलेश ने बताया कि 14 सितंबर को गांव में घूम रहे एक कुत्ते ने रामआसरे को काट लिया था। उन्हें सीएचसी ले जाकर रैबीज का इंजेक्शन लगवाया गया और घाव का उपचार कराया गया। इसके बाद से वह काली माता के स्थान पर अपनी बलि देने की बात करने लगे थे। परिवार और ग्रामीण उन्हें समझाकर ऐसा करने से रोकते रहते थे।

26 सितंबर को रामआसरे की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। परिवार उन्हें उसी दिन हैलट न ले जाकर वापस घर ले आए। हालत लगातार खराब होने पर 28 सितंबर को उन्हें हैलट अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए बचने की संभावना कम बताई, जिसके बाद परिजन उन्हें घर वापस ले आए।

मंगलवार काे रामआसरे झोपड़ी से निकलकर घर से करीब 300 मीटर दूर काली माता के स्थान पर उन्होंने बांके से गला काट लिया। बाद में उनकी मौत की जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस परिजनों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि कुत्ते के काटने के बाद रामआसरे की मानसिक स्थिति लगातार बिगड़ती गई। पुलिस के अनुसार, समय से उपचार नहीं मिलने के कारण रैबीज फैल गया था। इसके बाद उनकी मानसिक स्थिति बिगड़ती चली गई और उन्होंने अपनी जान दे दी।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप