जौनपुर में एफएमडी टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का शुभारंभ, छह लाख पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य
जौनपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने बुधवार को जौनपुर में खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग नियंत्रण टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जनपद में यह अभियान 22 जुलाई से 8 सितंबर तक संचालित होगा, जिसके तहत लगभग छह लाख गोवंश एवं महिषवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा।राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि पशुपालन किसानों और पशुपालकों की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है। प्रदेश सरकार पशुधन को अमूल्य संपत्ति मानते हुए उसे संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि एफएमडी टीकाकरण अभियान का सातवां चरण सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है और अब आठवें चरण के माध्यम से अधिकाधिक पशुओं को रोग से सुरक्षित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण से खुरपका-मुंहपका जैसी गंभीर संक्रामक बीमारी से बचाव संभव है। इससे पशुओं के स्वास्थ्य की रक्षा होगी, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि होगी तथा पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से भी बचाया जा सकेगा। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की कि वे विभागीय टीम के सहयोग से अपने सभी पशुओं का निर्धारित समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि एफएमडी एक विषाणुजनित एवं अत्यंत संक्रामक रोग है, जो संक्रमित पशुओं से स्वस्थ पशुओं में तेजी से फैलता है। यह रोग विशेष रूप से गोवंश एवं महिषवंशीय पशुओं को प्रभावित करता है। इसके प्रमुख लक्षणों में बुखार, चारा छोड़ देना, दूध उत्पादन में कमी, मुंह और खुर में छाले पड़ना तथा लंगड़ापन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस रोग की रोकथाम का सबसे प्रभावी उपाय समय पर टीकाकरण है।जिलाधिकारी ने जनपद के सभी पशुपालकों से अपील की कि वे इस निःशुल्क अभियान का लाभ उठाते हुए अपने पशुओं का अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराएं, ताकि पशुधन सुरक्षित रहे और दुग्ध उत्पादन के साथ उनकी आय में भी वृद्धि हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

