home page

करंट लगने से आठ वर्षीय बच्चे की मौत

 | 
करंट लगने से आठ वर्षीय बच्चे की मौत


गाजियाबाद, 11 जुलाई (हि.स.)। थाना टीला मोड़ क्षेत्र की इकबाल कालोनी में आज शाम को ट्रांसफार्मर में करंट उतरने से आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक के परिवार के लोगों ने विद्युत निगम अधिकारियों के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है। इसके बाद विद्युत निगम के अधिकारियों ने मृतक के स्वजन को हर संभव कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पूरी घटना का इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित हो रहा है।

इकबाल कालोनी में सुबेदीन परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि शाम करीब चार बजे उनका बेटा अयान (8) घर के बाहर गली में खेल रहा था। इसी दौरान वह ट्रांसफार्मर के पास पहुंचा। वह ट्रांसफार्मर में आ रहे करंट की चपेट में आ गया। लोग अयान को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। स्वजनों ने निगम अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। प्रसारित वीडियो में खेलने के दौरान अयान ट्रांसफार्मर के पास गिरते हुए दिख रहा है।

एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार ने बताया कि बिजली निगम के अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को हर संभव कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने सरकार से मुआवजा दिलाने की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी