home page

अमेठी में अमन और भाईचारे के साथ संपन्न हुई बकरीद।

 | 
अमेठी में अमन और भाईचारे के साथ संपन्न हुई बकरीद।


अमेठी में अमन और भाईचारे के साथ संपन्न हुई बकरीद।


अमेठी में अमन और भाईचारे के साथ संपन्न हुई बकरीद।


112 ईदगाहों में अदा हुई नमाज, ड्रोन कैमरों से हुई निगरानी

अमेठी, 28 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद में बकरीद (ईद-उल-अजहा) का पर्व इस वर्ष पूरी शांति, सौहार्द और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ। जिले की सभी 112 ईदगाहों और प्रमुख मस्जिदों में सुबह से ही नमाज अदा करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। नमाज के दौरान लोगों ने मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की क्यूआरटी टीम के साथ पीएसी भी लगाई गई। नमाज खत्म होने के उपरांत नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने नमाजियों से गले मिलते हुए बकरीद की मुबारकबाद दी।

बकरीद के त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखाई दिया। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी के नेतृत्व में पूरे जिले में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए थे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनपद को 4 जोन और 17 सेक्टर में विभाजित कर अधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती गई। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए कई स्थानों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। इसके साथ ही थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ लगातार भ्रमण किया तथा फ्लैग मार्च निकालकर लोगों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाया। प्रमुख बाजारों, ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा।

जिले के पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने बताया कि शासन की गाइडलाइन्स के अनुरूप खुले में कुर्बानी और सार्वजनिक स्थानों तथा सड़कों पर नमाज अदा करने पर पूरी तरह रोक रही। लोगों ने भी प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पूरी जिम्मेदारी और सहयोग के साथ पालन किया। त्योहार के दौरान जिले में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रशासनिक अधिकारियों ने जनपदवासियों, धर्मगुरुओं और सामाजिक संगठनों के सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द ही अमेठी की सबसे बड़ी पहचान है। इसी के साथ ही साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी