home page

जौनपुर में हर्षोल्लास से मनाया गया ईद मिलादुन्नबी, निकला ऐतिहासिक जुलूस

 | 
जौनपुर में हर्षोल्लास से मनाया गया ईद मिलादुन्नबी, निकला ऐतिहासिक जुलूस


जौनपुर में हर्षोल्लास से मनाया गया ईद मिलादुन्नबी, निकला ऐतिहासिक जुलूस


जौनपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। यूपी के शिराज-ए-हिंद जौनपुर में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मोत्सव ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ आयोजन हुए। मरकजी सीरत कमेटी के तत्वावधान में शहर में भव्य सजावट की गई और विशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

बारावफात के अवसर पर शहर की प्रमुख मस्जिदों, बाजारों और मार्गों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। अटाला मस्जिद की विशेष सजावट लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। मस्जिद के आसपास मेले जैसा माहौल रहा, जहां विभिन्न प्रकार की दुकानें लगीं। महिलाओं और बच्चों ने भी खरीदारी की।

विशाल जुलूस में विभिन्न नातिया अंजुमनों ने नातिया कलाम पेश किए। वहीं, अखाड़ों में शामिल युवाओं ने पारंपरिक कला और करतब का प्रदर्शन किया। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ अटाला मस्जिद पहुंचा। विभिन्न स्थानों पर संस्थाओं की ओर से जुलूस में शामिल लोगों के लिए पानी, नाश्ते और भोजन की व्यवस्था की गई। शाही ईदगाह के प्रभारी रियाजुल हक के अनुसार जौनपुर शहर में जश्ने यौमुन्न नबी का यह ऐतिहासिक जुलूस पिछले 126 वर्षों से आयोजित होता आ रहा है। अलग-अलग मंचों से अंजुमनों और अखाड़ों को सम्मानित कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। देर रात तक शहर में उत्सव का माहौल बना रहा।

जौनपुर की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की परंपरा भी आयोजन में दिखाई दी। विभिन्न समुदायों के लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर सांप्रदायिक सद्भाव और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। सुबह तक चले कार्यक्रम का समापन अटाला मस्जिद के पास आयोजित जलसे के साथ हुआ।

ईद मिलादुन्नबी मुस्लिम समुदाय द्वारा पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस की स्मृति में मनाया जाने वाला प्रमुख अवसर है। इस दौरान उनके जीवन, शिक्षाओं और मानवता तथा भाईचारे के संदेश को याद किया जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव