औरैया में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का पुतला दहन से सपाई आक्रोशित,कार्रवाई के लिए एसपी को सौंपा ज्ञापन
औरैया, 30 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में समाजवादी पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों पर आरोप लगाते हुए गुरुवार को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। मामला अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के कस्बा मुरादगंज का है, जहां 29 अप्रैल को कथित रूप से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला दहन किया गया।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि भाजपा के कुछ पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस घटना में शामिल थे। ज्ञापन देने वाले सपा नेताओं का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं कानून व्यवस्था और राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की गतिविधियां सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करती हैं, इसलिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रार्थना पत्र देने वालों में चौधरी योगेश सिंह विरासिया पूर्व प्रवक्ता, छात्र सपा और मनदीप सिंह कठेरिया सपा कार्यकर्ता शामिल हैं। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर सम्बन्धित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

