home page

बारिश से दलहनी एवं तिलहनी फसलों की कटाई व कतराई थमी

 | 
बारिश से दलहनी एवं तिलहनी फसलों की कटाई व कतराई थमी


हमीरपुर, 20 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार को सुबह मौसम ने अचानक पलटी मारी और तेज हवाओं के संग आसमान में छाए बादलों ने रुक रुककर बारिश शुरू कर दी। अचानक हुई बारिश में कटाई कतराई थम गई है। नुकसान की आशंका से किसान चिंतित हो उठे हैं। शाम तक आसमान में बादलों का डेरा जमा हुआ था।

मौसम ने सुबह अचानक पलटी मारी मार्च माह में प्रकृति का यह रूप देखकर किसान हैरान हो गये हैं। तेज हवाओं के साथ रुक-रुक कर दिनभर हुई बारिश ने दलहनी एवं तिलहनी फसलों की कटाई कतराई को रोक दिया है। बारिश के बाद होने वाले नुकसान को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसान मानसिंह भदौरिया, उदयभान यादव, सुरेश कुमार, प्रदीप गुप्ता, चंद्रपाल, धनीराम साहू, सिराज खान, राजेश द्विवेदी, राधेश्याम तिवारी, भोला तिवारी, भोला सिंह, शनि सिंह, अखिलेश तिवारी आदि ने कहा कि बारिश से अब फसलों को कोई फायदा नहीं है। धूप निकलने पर फसलों को नुकसान पहुंचेगा, पकी खड़ी सरसों, मटर, मसूर, चना, अरहर आदि की फसलों की धूप के बाद फलियां फटने की प्रबल संभावना है।

बूंदाबांदी से किसानों के कृषि कार्य प्रभावित

कुरारा विकास खंड क्षेत्र में सुबह से आसमान में छाए बादलों में गड़गड़ाहट के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई जिससे किसानों के कृषि कार्य प्रभावित हुए। तथा थ्रेसिंग का कार्य भी दिन भर नहीं हो सका। सुबह से ही मौसम खराब रहने के कारण तथा रुक रुक कर बूंदाबांदी होने के कारण किसानों का कृषि कार्य प्रभावित हुआ। इस समय खेती में चना मटर लाही सरसों की फसल कटी हुई पड़ी है। तथा कटाई का कार्य चल रहा है डामर गांव निवासी किसान बद्री सिंह ने बताया कि ग्यारह बीघा खेत में सूखी मटर की फसल कटी रखी है। जिसमें हार्वेस्टर से थ्रेसरिंग कराया जाना था। मौसम खराब होने के कारण आज थ्रेसरिंग नहीं हो पाई। किसानो को इस मौसम में सबसे अधिक ओले का भय रहता है। इसलिए किसान अपनी फसल समेटने में जुटा हुआ है। आज दिन भर कृषि कार्य प्रभावित रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा