home page

दृष्टिबाधित बच्चों के ज्ञान और आत्मविश्वास को बढ़ाने में शैक्षणिक भ्रमण उपयोगी : अभिनव जे. जैन

 | 
दृष्टिबाधित बच्चों के ज्ञान और आत्मविश्वास को बढ़ाने में शैक्षणिक भ्रमण उपयोगी : अभिनव जे. जैन


कानपुर, 14 मई (हि.स.)। दृष्टिबाधित बच्चों के ज्ञान, आत्मविश्वास और अनुभव क्षमता को बढ़ाने के लिए शैक्षणिक भ्रमण बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों को स्पर्श और अनुभव के माध्यम से नई चीजों को समझने का अवसर मिलता है, जिससे उनका सामान्य ज्ञान और बौद्धिक विकास होता है। यह बातें बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव जे. जैन ने गुरुवार को अंध विद्यालय नेहरू नगर के दृष्टिबाधित बच्चों को प्रयागराज के लिए रवाना करते समय कही।

सीडीओ ने अंध विद्यालय नेहरू नगर, कानपुर के 70 दृष्टिबाधित दिव्यांग बच्चों को दो वातानुकूलित बसों के माध्यम से प्रयागराज स्थित इलाहाबाद संग्रहालय के शैक्षणिक भ्रमण के लिए रवाना किया। इस दौरान 10 सदस्यीय सहयोगी स्टाफ, चिकित्सक दल और पुलिस बल भी बच्चों के साथ मौजूद रहा। बच्चों की बसों को सर्किट हाउस से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की राज्य निधि योजना के अंतर्गत इलाहाबाद संग्रहालय में चार से 30 मई तक भारत के विश्व प्रसिद्ध स्मारकों और भारतीय वन्यजीवों के त्रिआयामी प्रतिरूपों की विशेष प्रदर्शनी आयो1जित की जा रही है। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य दृष्टिबाधित दिव्यांग बच्चों के शैक्षणिक और सामान्य ज्ञान में वृद्धि करना है।

विभाग द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार प्रदेश के आठ मंडलों के दिव्यांग बच्चों को अलग-अलग तिथियों पर संग्रहालय भ्रमण के लिए आमंत्रित किया गया है। गुरुवार को कानपुर मंडल के बच्चों का भ्रमण प्रस्तावित था।

इलाहाबाद संग्रहालय में आयोजित प्रदर्शनी में गेटवे ऑफ इंडिया, गोल्डन टेंपल, कुतुब मीनार, विवेकानंद रॉक मेमोरियल, ताजमहल, काशी विश्वनाथ मंदिर और हवा महल समेत देश के कई प्रसिद्ध स्मारकों के त्रिआयामी मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। इन मॉडलों के माध्यम से कक्षा छह और उससे ऊपर की कक्षाओं में अध्ययनरत दृष्टिबाधित बच्चों को स्पर्श और अनुभव के आधार पर जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

इसके अतिरिक्त बच्चों को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने और इलाहाबाद संग्रहालय के ऑडिटोरियम में ज्ञानवर्धक चलचित्रों के माध्यम से मनोरंजन एवं जानकारी प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप