home page

एजुकेशन लोन से आसान होगी उच्च शिक्षा की राह, पूर्वांचल विश्वविद्यालय में हुई जागरूकता कार्यशाला

 | 
एजुकेशन लोन से आसान होगी उच्च शिक्षा की राह, पूर्वांचल विश्वविद्यालय में हुई जागरूकता कार्यशाला


जौनपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के फार्मेसी संस्थान में सोमवार को विद्यार्थियों को एजुकेशन लोन की सुविधाओं और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, मुख्य शाखा जौनपुर के सौजन्य से हुआ।

कार्यशाला में बैंक के प्रशांत ओझा एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों को शिक्षा ऋण की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, ऋण स्वीकृति तथा वित्तीय सहायता के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आर्थिक संसाधनों की कमी विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा में बाधा न बने, इसके लिए बैंकिंग व्यवस्था के माध्यम से विभिन्न वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

बैंक प्रतिनिधियों ने आवेदन से जुड़ी औपचारिकताओं को सरल भाषा में समझाया। विद्यार्थियों ने एजुकेशन लोन से संबंधित विभिन्न सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए उपलब्ध वित्तीय विकल्पों के प्रति जागरूक करना और जरूरत पड़ने पर शिक्षा ऋण का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना रहा। इस अवसर पर फार्मेसी संस्थान के विभागाध्यक्ष डॉ. नृपेन्द्र सिंह, प्रो. नरेंद्र कुमार सिंह, डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह, डॉ. शक्ति जायसवाल, मिथिलेश चौरसिया सहित शिक्षकगण मौजूद रहे। संस्थान की ओर से बैंक अधिकारियों एवं उनकी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव