home page

शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी : मुख्य विकास अधिकारी

 | 
शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी : मुख्य विकास अधिकारी


मुरादाबाद, 02 अप्रैल (हि.स.)। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण में गुरुवार को स्कूली बच्चों द्वारा भव्य जागरूकता रैली निकालकर अभियान का जोरदार आगाज किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है।

रैली का शुभारम्भ पंचायत भवन, कंपनी बाग से मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्हाेंने

कहा कि प्रत्येक अभिभावक का दायित्व है कि वे अपने बच्चों का नामांकन विद्यालय में अवश्य कराएं। उन्होंने स्कूल चलो अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील भी की।

रैली बीएसए विमलेश कुमार के नेतृत्व में पंचायत भवन से शुरू होकर गंज गुरहट्टी, ताड़ीखाना मार्ग से होती हुई पारकर इंटर कॉलेज, मुरादाबाद में जाकर संपन्न हुई। रैली में सैकड़ों की संख्या में स्कूली बच्चों ने भाग लिया और हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर जनमानस को शिक्षा के प्रति जागरूक किया।

इस दौरान बीएसए विमलेश कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, ड्रेस, मिड-डे मील सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ऐसे में अभिभावकों को अपने बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए आगे आना चाहिए, जिससे अधिक से अधिक बच्चे शिक्षा से जुड़ सकें। रैली का संचालन डॉ हरनन्दन प्रसाद ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल