home page

शिक्षा ही राष्ट्र के सशक्तीकरण का आधार : प्रो. आरके सिंह

 | 
शिक्षा ही राष्ट्र के सशक्तीकरण का आधार : प्रो. आरके सिंह


शिक्षा ही राष्ट्र के सशक्तीकरण का आधार : प्रो. आरके सिंह


जौनपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की ओर से ग्राम देवकली में 12 वर्षों से संचालित निःशुल्क प्रेरणा पाठशाला के 64 मेधावी छात्र-छात्राओं को बुधवार को शैक्षणिक किट और चॉकलेट वितरित की गई। यह पहल अपोलो पाइप्स लिमिटेड की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) गतिविधि के तहत की गई।

विश्वविद्यालय परिसर स्थित उमानाथ सिंह इंजीनियरिंग संस्थान के स्मार्ट क्लास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के साथ राष्ट्र के भविष्य को भी मजबूत बनाती है। वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने पर पूरे समाज का विकास होता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के समग्र विकास के लिए ऐसे प्रयास लगातार किए जाने चाहिए।

कुलपति ने बच्चों को स्कूल बैग, पानी की बोतल, पेंसिल किट और बिस्कुट वितरित किए। किट में चॉकलेट नहीं होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने चॉकलेट मंगाकर बच्चों में वितरित की। चॉकलेट पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।

प्रेरणा पाठशाला के संस्थापक-संचालक एवं गणित विभागाध्यक्ष प्रो. राज कुमार ने बताया कि वर्ष 2014 से विश्वविद्यालय से सटे देवकली गांव में जरूरतमंद बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पाठशाला संचालित की जा रही है।

अपोलो पाइप्स लिमिटेड के डिप्टी रीजनल सेल्स मैनेजर शशिभूषण सिंह ने कहा कि कंपनी सीएसआर के माध्यम से शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े कार्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. इंद्रेश कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रो. सौरभ पाल, डॉ. नृपेंद्र सिंह, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. सुनील कुमार, प्रशांत कुमार और डॉ. लक्ष्मी प्रसाद मौर्य समेत शिक्षक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव