home page

पूर्वांचल के युवाओं को नई उड़ान देगा विश्वविद्यालय परिसर, समर्थ पोर्टल से प्रवेश शुरू

 | 

जौनपुर,09 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय आधुनिक शिक्षा, रोजगारपरक पाठ्यक्रमों और अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित विश्वविद्यालय परिसर ने नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन 8 मई 2026 से प्रारंभ हो चुका है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।विश्वविद्यालय परिसर में इस वर्ष कुल 56 विषयों एवं एक सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम में प्रवेश दिया जाएगा। इनमें स्नातक, स्नातकोत्तर तथा डिप्लोमा स्तर के पाठ्यक्रम शामिल हैं। डिप्लोमा स्तर पर तीन, स्नातक स्तर पर 31 तथा स्नातकोत्तर स्तर पर 25 विषय संचालित किए जाएंगे। बीटेक, बीएससी, बीए, विधि, फार्मेसी, व्यवसाय प्रबंधन और अनुप्रयुक्त सामाजिक विज्ञान जैसे प्रमुख पाठ्यक्रम विद्यार्थियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे।प्रवेश परीक्षा समन्वयक प्रो. मिथिलेश सिंह ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन एवं पारदर्शी रखी गई है। विषयवार सीटों की संख्या, पात्रता और आवेदन संबंधी विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।विश्वविद्यालय परिसर विद्यार्थियों को आधुनिक प्रयोगशालाएं, समृद्ध केंद्रीय पुस्तकालय, वाई-फाई युक्त कैंपस, इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम तथा छात्रावास जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के कारण यह परिसर पूर्वांचल के विद्यार्थियों के लिए तेजी से पसंदीदा केंद्र बनता जा रहा है।विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि संस्थान का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, सक्षम और प्रतिस्पर्धी दुनिया के लिए तैयार करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव