home page

कार-ई रिक्शा की आमने-सामने टक्कर, चालक की मौत

 | 
कार-ई रिक्शा की आमने-सामने टक्कर, चालक की मौत


बांदा, 21 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बदौसा थाना क्षेत्र में बांदा-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह कार और ई-रिक्शा की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए।

बदौसा की ओर से एक कार चित्रकूट की तरफ जा रही थी। पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे ई-रिक्शा से कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर में ई-रिक्शा चालक माहुराई गांव निवासी अमरजीत पटेल (34) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

अमरजीत की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और चार बच्चों समेत परिवार छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।

उधर, हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अजीत कुमार के मुताबिक, फरार कार सवारों की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह